संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। पंजाब नेशनल बैंक शाखा पर बुधवार को किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने शाखा प्रबंधक पर किसानों को लोन के नाम पर शोषण करने तथा दलालों को बढ़ावा देने समेत कई आरोप लगाए हैं।
कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक शाखा प्रबंधक की कार्यशैली से नाराज क्षेत्र के किसानों ने सुबह में शाखा पहुंचकर हंगामा किया तथा धरने पर बैठ गए। किसानों ने बैंक में भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। विनोद निर्वाल ने चेताया कि किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने की अध्यक्षता पाल्ले सिंह ने की तथा संचालन विनोद निर्वाल ने किया। इसके बाद यहां मौजूद लोगों ने नायब तहसीलदार सचिन वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बैंक प्रबंधक को हटाने तथा उनकी जांच कराने की मांग की। यहां राजेश मित्तल, हसन प्रधान, राजेंद्र, खलील, अब्बास, राजकुमार, रवींद्र, प्रगट सिंह, सनोज कुमार, एहसान, महमूद, रणधीर, आकिल, इलियास, फूल सिंह, इसरार, बाबर व सुदेश आदि मौजूद रहे।
कई समस्याओं पर आक्रोश
किसानों का आरोप है कि जब से मैनेजर का बदलाव हुआ तभी से दलाल सक्रिय हैं। सरकार चाहती है कि किसान क्रेडिट कार्ड पर कर्ज लेने के लिए कृषक आगे आएं। वहीं, बैंक मैनेजर दलालों पर रोक नहीं लगाते हैं। उधर, किसान नेता विनोद निर्वाल, राजेश मित्तल ने प्रबंधक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी भी की। वहीं खोड़समा निवासी इलियास ने महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी की।
कोट-
पूर्व के समय में दलाल द्वारा लोगों के काम कराए जाते थे। उस पर प्रतिबंध लगा दिया है। लोगों से अपील है कि वे बैंक में अपना काम स्वयं कराएं। जिससे दलालों को दिक्कतें होने लगी है। जिस कारण क्षेत्र के लोगों को उकसाकर धरना दिया जा रहा है।-धीरेंद्र नाथ सोरेण, शाखा प्रबंधक, पीएनबी चौसाना