-लाइट ठीक नहीं होने पर आज से नगर पंचायत में धरने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाभवन। पिछले दो दिन से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के चलते आधा कस्बा अंधेरे में डूबा है। सभासद ने अधिशासी अधिकारी से स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी, अगर स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं हुईं तो वह मंगलवार को नगर पंचायत पर प्रदर्शन करेंगे।
दो दिन से मोहल्ला रोगनग्रान, नई घास मंडी, कानूगोयान, कंभोयान, मंदिर कचोरी नाथ मार्ग, नवीपुरा में स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। इस कारण रात में सड़कों पर अंधेरा रहता है। रात में संत बूढ़ा बाबू तालाब व पार्क से वापस आते समय कस्बावासियों को काफी परेशानी होती है। वार्ड-14 से सभासद विशाल कुमार सैनी ने बताया कि दो बार अधिशासी अधिकारी से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं हुई। अब वह लाइटों के ठीक नहीं होने पर मंगलवार को नगर पंचायत पर धरना देंगे। अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा ने बताया कि शिकायत नहीं मिली है। मामला संज्ञान में आया है।जांच कराकर लाइटों को ठीक कर दिया जाएगा।