कांधला। क्षेत्र के गांव मलकपुर के ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
शनिवार को गांव मलकपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल, कमिश्नर सहारनपुर व जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजते हुए बताया कि ग्राम समाज के खाते में दर्ज कब्रिस्तान का क्षेत्रफल 2.0280 है। आरोप है कि उक्त कब्रिस्तान पर दो लोगों ने सैकडों वर्ष पुराने नीम व अन्य पेड़ों को काटकर 70 हजार रुपये के बेच दिया है। आरोपी कब्रिस्तान की संपत्ति को हानि पहुंचाकर उसमें अवैध रूप से कब्जा करते जा रहे हैं। ग्राम के कब्रिस्तान की आठ बीघा भूमि को ठेके पर देकर उसमें ईंख की फसल बो रखी है, जिसमें वर्तमान में ईंख की फसल खड़ी है। इसके कारण कब्रिस्तान में कब्रें भी खुर्द-बुर्द हो रही हैं। इस कारण लोगों में रोष है। उन्होंने मामले में जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। शिकायती पत्र भेजने वालों में फुरकान, कामिल, जहांगीर, नौशाद, शाहदीन, साजिद आदि शामिल हैं।