गोसगढ़-जलालाबाद मार्ग बनवाने की मांग
शामली, जलालाबाद। गोसगढ़ गांव की ग्राम प्रधान ने लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजते हुए गोसगढ़ से जलालाबाद मार्ग को जोड़ने वाले रास्ते के पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जब यह मार्ग बनाया गया था तब वह सात दिन के भीतर टूट गया था।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव गोसगढ़ निवासी ग्राम प्रधान संगीता रोड ने लोक निर्माण विभाग को शिकायती पत्र भेजते हुए बताया कि उनके गांव से जलालाबाद लुहारी मार्ग को जोड़ने वाले करीब दो किलोमीटर लंबे रास्ते को 2017 में 27 लाख रुपये की लागत से बनाया गया था। लेकिन बनने के मात्र सात दिन के भीतर यह रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने बताया कि आज तक मार्ग की मरम्मत नहीं की गई है। बताया कि वर्तमान में इस रास्ते पर वाहन से चलना तो दूर पैदल चलना भी दूभर है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन लोग यहां हादसों का शिकार हो रहे हैं। जिस कारण ग्रामीणों को यहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क के दोबारा निर्माण कराने की मांग की है। ताकि इस मार्ग पर लोग राहत की सांस ले सके।