गांव भडी भरतपुर में निरीक्षण करती स्वास्थ्य विभाग की टीम सौजन्य से स्वास्थ्य विभाग
शामली। दिल्ली से आई स्वास्थ्य मंत्रालय की दो सदस्यीय टीम ने जिले की सीएचसी व पीएचसी का निरीक्षण कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों की हकीकत जानी। टीम तीन दिन के दौरे पर आई हुई है। दो दिन में टीम दो सीएचसी व दो पीएचसी का निरीक्षण कर चुकी है। टीम का कहना है कि अभी तक निरीक्षण में स्थिति संतोषजनक पाई गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की टीम में शामिल डॉ. ज्योति व अंकित सीएचसी शामली पहुंचे। टीम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। सीएचसी की सफाई, डिलीवरी रूम, इमरजेंसी सेवा, दवा की उपलब्धता, लैब में उपकरण, मानव संसाधन की स्थिति, संसाधनों की कमी व उपलब्धता, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए कर्मियों को ट्रेनिंग देने की स्थिति आदि की जानकारी ली।
डॉ. ज्योति ने बताया कि वे मंगलवार को जिले में आईं थीं। सीएचसी शामली से पहले सीएचसी कांधला, अरबन पीएचसी पंसारियान, खंदरावली पीएचसी का निरीक्षण कर चुकी हैं। उन सभी में स्थिति संतोषजनक पाई गई है। बृहस्पतिवार को टीम जिला अस्पताल का निरीक्षण करेगी। इस दौरान सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास, डीपीएम आशुतोष, डाॅ. आरके सागर, हनीफ आदि मौजूद रहे।