कैराना। डेंगू से पानीपत अस्पताल में उपचार के दौरान 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम तक परिजन शव को लेकर कैराना नहीं पहुंचे थे।
मोहल्ला खेल खुर्द निवासी वसीक इस्लामिया इंटर कॉलेज में अध्यापक हैं। दो दिन पहले वसीक की 42 वर्षीय पत्नी मुसर्रत जहां को तेज बुखार आने पर परिजन उसे कैराना में ही एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन मुसर्रत जहां को उपचार के लिए पानीपत के प्राइवेट हॉस्पिटल ले गये थे। जहां पर डॉक्टर ने उन्हें डेंगू पॉजिटिव बताया था। वहीं रविवार सुबह मुसर्रत जहां की प्लेटलेट्स घटकर 38000 रह गई थी। रविवार शाम करीब 7:30 बजे पानीपत हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मुसर्रत जहां की मौत हो गई। मुसर्रत जहां के चार अविवाहित बच्चे हैं। देर शाम तक परिजन पानीपत से शव को लेकर कैराना नहीं पहुंचे थे। मृतका के पति वसीक ने बताया कि उसकी पत्नी को डॉक्टर ने डेंगू पॉजिटिव बताया था। डेंगू के कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई। हालांकि, स्वास्थय विभाग के अधिकारियों ने डेंगू से मौत की जानकारी होने से इनकार किया है।