कैराना। गांव के राशन डीलर पर ग्रामीणों ने कम राशन देने का आरोप लगाते हुए पूर्ति निरीक्षक से राशन डीलर की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को गांव पांवटी कला निवासी अनेक ग्रामीणों ने तहसील में पूर्ति निरीक्षक को एक शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि उनके राशन कार्ड एक राशन डीलर के यहां लगे हुए हैं। बताया गया कि राशन डीलर प्रतिमाह किसी को 5 किग्र्रा तो किसी को 5 किग्रा से कम राशन देता है तथा मशीन पर कार्ड धारकों के अंगूठे लगवाकर कह देता है कि मशीन में उनके अंगूठे के निशान नहीं आए हैं, जिस कारण उन्हें राशन नहीं मिलेगा। ग्रामीणों ने बताया कि जब वह कम राशन देने का विरोध करते हैं तो आरोपी राशन कार्ड कटवाने की धमकी देता है। सभी ग्रामीणों ने राशन डीलर की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की हैं। इस दौरान सादिक, इरफान, सोमिन, हनीफ, इनाम, सलीम, वाजिद व एहसान आदि ग्रामीण मौजूद रहे।