शामली, थानाभवन। गोवर्धन पूजा कर लोट रहे युवक पर गांव के ही दो युवकों ने धारदार कटर से हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के भाई ने गांव के ही दो आरोपी युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
क्षेत्र के गांव देवीपुरा निवासी प्रवीण कुमार पुत्र जगदीश ने थाने में तहरीर दी है कि पीड़ित का भाई नितिन गोवर्धन पूजा कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो आरोपी युवकों ने नितिन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने नितिन पर धारदार कटर से हमला किया, जिससे उसके चेहरे व कान पर गंभीर चोटें आई। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद