कांधला। कस्बा एलम में युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोहे की रॉड से युवती व उसकी बहन पर हमला कर रविवार रात को कस्बा एलम निवासी 24 वर्षीय युवती पंकज उर्फ प्रीति अपने घर के निचले हिस्से में सोई हुई थी। आरोप है कि पड़ोस का युवक अपने साथियों के साथ लोहे की रॉड लेकर घर मे घुस आया। युवक ने अपने साथियों के साथ युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी युवक ने लोहे की रॉड से युवती के सिर व चेहरे पर कई प्रहार किए, जिसे वह गंभीर अवस्था में घायल हो गई। युवती की आवाज सुनकर उसकी बहन रश्मि वहां आई तो, आरोपी युवक ने उस पर भी जानलेवा हमला किया। रश्मि के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल प्रीति को कांधला के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक प्रीति की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के संबंध में पीड़िता की मां कमलेश ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।