कैराना (शामली)। यमुना में डूबे 32 वर्षीय हरियाणा निवासी युवक का शव दूसरे दिन यमुना पुल के पास से बरामद हुआ। युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव को अपने साथ ले गए। शुक्रवार को हरियाणा के रामड़ा तामसाबाद निवासी 32 वर्षीय सूरज यमुना के पास सब्जी तोड़ने गया था। तेज गर्मी के चलते सूरज जैसे ही यमुना में नहाने के लिए घुसा तो वह गहरे पानी में डूबने लगा। आसपास के किसानों ने युवक को बचाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने युवक के परिजनों को सूचना दी। परिजन पूरी रात यमुना में युवक की तलाश करते रहे। शनिवार शाम पांच बजे यमुना पुल के पास हरियाणा की तरफ शव नदी के पानी में तैरता मिला। सूचना पर यमुना चौकी पुलिस और सनौली पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान सूरज के परिजन भी वहां पहुंच गए तथा मृतक की पहचान सूूरज के रूप में की। पुलिस का कहना है कि हरियाणा निवासी युवक यमुना में डूब गया था, जिसका शव मिल गया है। परिजन शव को बिना पुलिस कार्रवाई के अपने साथ हरियाणा ले गए। संवाद