विदाई समारोह में नृत्य व कविता पाठ
शामली। वीवी पीजी कॉलेज में राजनीति विज्ञान विभाग के एमए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने शनिवार को द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर का स्वागत कर चंदन का टीका लगाकर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों का स्वागत व सम्मान किया। प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम जरूरी हैं। इससे परस्पर और अपनत्व की भावना पनपती है। राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रताप सरोहा व असिस्टेंट प्रोफेसर निर्भय कुमार ने विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नृत्य, कविता पाठ, मिमिक्री और खेलों से मनोरंजन किया गया। कॉलेज की डीन डॉ. नीना छोकरा, डॉ. बबली आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्र रितिक और रश्मि ने संयुक्त रूप से किया।