शामली के जिला अस्पताल में सीटी स्कैन में आई तकनीकी खराबी की जांच करते इंजीनियर। फोटो संवाद
शामली। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन तकनीकी खराबी के कारण चार दिन से बंद है। सीटी स्कैन मशीन खराब होने से मरीज परेशान हैं। सीटी स्कैन कराने के लिए मरीज अस्पताल में भटक रहे हैं। मशीन को ठीक करने के लिए इंजीनियरों की टीम लगी हुई है।
पूर्वी यमुना नहर पटरी पर स्थित जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर सीटी स्कैन यूनिट लगी हुई है। इस यूनिट के चालू होने से मरीजों को सीटी स्कैन की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 50 मरीजों के सीटी स्कैन हो रहे हैं। सोमवार को सुबह मशीन में तकनीकी खराबी के कारण सीटी स्कैन नहीं हो पाए, जिस कारण मरीज बिना जांच कराए ही वापस चले गए थे। तब से मशीन बंद होने के कारण मरीज सीटी स्कैन की जांच कराने के लिए अस्पताल में भटक रहे हैं। अस्पताल से उन्हें मशीन में खराबी बताकर वापस भेजा जा रहा है।
जिला अस्पताल की तरफ से मशीन में तकनीकी खराबी की सूचना कंपनी को भेजी गई थी। बताया गया है कि मशीन के यूपीएस में खराबी आ गई थी। बुधवार को इंजीनियरों की टीम जिला अस्पताल पहुंचकर सीटी स्कैन मशीन को ठीक करने में लगी रही थी। देर रात तक भी मशीन ठीक नहीं हो पाई थी। बृहस्पतिवार को भी इंजीनियरों की टीम सीटी स्कैन मशीन में आई तकनीकी कमी को दूर करने में लगे रहे, लेकिन शाम तक मशीन चालू नहीं हो पाई।
-ये बोले मरीज-
झिंझाना निवासी सरफराज ने बताया कि उसे सिर में चक्कर आते हैं और दर्द रहता है। दो महीने से दवा खाने के बाद भी आराम नहीं आया। डाक्टरों ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है। वह जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की जांच कराने आया था, लेकिन यहां मशीन खराब होना बताया गया है।
कैराना निवासी नसीमा ने बताया उसके सिर और गर्दन में दर्द रहता है। दवा खाने से भी ठीक नहीं हुई। डाक्टर ने सीटी स्कैन कराने को कहा। वह जिला अस्पताल में आई तो यहां मशीन खराब होने का पता चला। बिना जांच कराए ही वापस जाना पड़ रहा है।
- शामली निवासी रविंद्र ने बताया कि उसे काफी दिनों से कमर में दर्द रहता है। कई माह से दवा खाने के बाद भी आराम नहीं मिला। वह सीटी स्कैन की जांच कराने आया था, लेकिन डाक्टर ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन खराब है। मशीन ठीक होने पर आने के लिए कहा गया है।