शामली। सोमवार को भी शामली शुगर मिल में तकनीकी खराबी के कारण पेराई प्रभावित रही। इसके कारण शहर में चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले चार दिन से शुगर मिल में तकनीकी खराबी चल रही है, जिसके कारण पेराई भी प्रभावित होती है। मिल बंद रहने के कारण शहर के धीमानपुरा रेलवे फाटक, कोतवाली के सामने, शुगर मिल रोड, दिल्ली रोड पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान युद्धवीर सिंह, राजबीर का कहना है कि आए दिन मिल में तकनीकी खराबी रहती है, जिसके कारण उन्हें घंटों तक पेराई का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ता है। बार-बार मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।