शामली/थानाभवन। सावन के आखिरी सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में हर हर महादेव, बोल बम-बम के जयघोष गूंजते रहे।
सोमवार सुबह पांच बजे से शहर के शिव चौक, हनुमान धाम, भाकूवाला, कैराना रोड, गुलजारी वाला शिवालय, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर, रेलपार बाईपास स्थित शिव दुर्गा मंदिर, सदा शिव मंदिर, सतीवाला शिव मंदिर, गोशाला रोड बड़ी माता मंदिर, रेलवे रोड सत्यनारायण मंदिर, गांधी चौक कुटी वाला मंदिर, गांधी चौक स्थित शिव मूर्ति, मंदिर ठाकुरद्वारा, मोहल्ला मुरारी वाला कुआं वाला शिवालय, बनखंडी वाला शिव मंदिर आदि में श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष की विशेष-पूजा अर्चना की। साथ ही जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने फल, बेलपत्र, भांग-धतूरा चढ़ाते हुए दूध-दही, गंगाजल, शहद, जल आदि से अभिषेक किया।
वहीं, थानाभवन के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्री बाला जी धाम, देवी मंदिर, सदा शिव मंदिर, शिव मंदिर कचोरी नाथ में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।