संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। पिछले कुछ दिनों में मौसम में हुए बदलाव से एक तरफ जहां फसलें लहलहा उठी हैं। वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी साफ देखने को मिल रही है। किसानों का कहना है कि बदले मौसम से इस बार अच्छी और गुणवत्तापरक पैदावार की उम्मीद है।
करीब पांच दिनों से जिले के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। हल्की बारिश के साथ ठंड ने मौसम में दोबारा दस्तक देनी शुरू कर दी है। फिलहाल जिले में प्रमुख रूप से गेंहू, गन्ना, आलू, सरसों की फसल चरम पर है। इनमें से कोई भी ऐसी फसल नहीं है, जिसको बदले मौसम से नुकसान हुआ हो। मौसम बदलने के कारण आने वाले दिनों में ठंड की उम्मीद बन गई हैं, जो गेंहू की फसल के लिए वरदान साबित होगी। इसके अलावा कोहरा हटने से आलू की फसल को फायदा मिला है।
बोले किसान
मैंने इस बार दस बीघा गेंहू की फसल लगाई है। सोच रहा था कि यदि अब ठंड कम हो जाएगी तो नुकसान होगा, लेकिन मौसम दोबारा बदल गया है।ज्ञान सिंह
मेरी सरसों की फसल में कई दिनों से पानी नहीं आया था। इस कारण फसल खराब होनी शुरू हो गई थी, लेकिन अब फसल की पानी की पूर्ति हो गई है।आर्येश
इन दिनों फोटो सिंथेसिस नाम की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन मौसम के करवट बदलने के कारण फसलों को इस बीमारी से छुटकारा मिल गया है।प्रवीण कुमार
आम के बाग में पत्तों पर कीट व अन्य पदार्थ जमा हो जाते हैं, जो आगे चलकर बीमारी को जन्म देते हैं। अब हुई बारिश से पूरा बाग धुल गया है, जिससे बीमारी आने का खतरा टल गया।सुमित कुमार