- पिछले कुछ समय से गिरोह बनाकर ट्यूबवेलों में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे गिरोह के सदस्य
- महिला भी चोरी की वारदात में होती थी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। बल्लमाजरा एवं टोडा के जंगल में सोमवार की देर रात करीब 1 बजे ट्यूबवेल से केबिल चोरी की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद एक महिला सहित को तीन को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि बदमाशों का एक साथी फरार हो गया। बाद में पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया।
दथेड़ा एवं शामली शामला के जंगल में लगातार ट्यूबवेलों में चोरी की वारदात हो रही थी। चोर पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। सोमवार की देर रात्रि को बल्ला मजरा एवं टोडा के जंगल में पुलिस को बदमाशों के होने की सूचना मिली। मुखबिर ने बदमाशों की संख्या तीन बताई। पुलिस ने सूचना पर कार्यवाही करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायर किए तो इंतजार पुत्र सत्तार निवासी चौसाना मजरा भडी को पैर में गोली लग गई ,जबकि साजिद पुत्र खालिद व सितारा पत्नी जब्बार को मौके से ही पकड़ लिया गया। लेकिन अशोक पुत्र रत्न निवासी चौसाना फरार हो गया।
पकड़े गये बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का तांबा खरीदने वाले चौसाना निवासी दुकानदार समीर पुत्र वकील को भी गिरफ्तार किया है। बदमाश एवं दुकानदार से 13 किलोग्राम तांबे का तार बरामद हुआ है। बदमाशों ने शामली शामला ,दथेडा,थानाभवन में चोरी की घटना करना स्वीकार किया है।
महिला चोर भी गैंग में शामिल
चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार बदमाशों के गैंग में एक सितारा नाम की महिला भी शामिल थी, जो पकड़े गए साजिद के संपर्क में थी। सितारा के पति की मौत हो चुकी है। जिसके बाद घर चलाने को सितारा ने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया। सितारा चोरी किये गये तारों को जलाकर तांबा निकालती थी।
नशे में करते थे वारदात
चौकी प्रभारी राहुल कादियान ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी नशे का सेवन करते हैं। नशे के लिए ही वह चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। शामली, शामला क्षेत्र में हुई चोरी की 15 से अधिक वारदातों को अंजाम देने की बात बदमाशों ने स्वीकार की है।