शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेलपार गली नंबर चार में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फांसी पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी किरन (25) की शादी पांच साल पूर्व शामली के मोहल्ला रेलपार गली नंबर चार निवासी प्रदीप सैनी के साथ हुई थी। प्रदीप शामली में बुढ़ाना रोड स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। कुछ दिन से परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते तीन दिन पूर्व ही किरन ने आदर्श मंडी थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर शिकायत पत्र देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
वहीं, बुधवार दोपहर किरन का शव कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला। आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग अपने घर से फरार हो गए। पुलिस ने विवाहिता के मायके वालों को सूचना दी, जिसके बाद वह भी शामली पहुंच गए। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।