शामली जनपद भी उपभोक्ताओं के फर्जी अंगूठे और आधार कार्ड की गलत जानकारी में हेराफेरी कर बड़ा खाद्यान्न घोटाला करने वाले जिलों में शामिल हो गया है। आपूर्ति विभाग की ओर से शामली के जलालाबाद और कैराना के दो राशन डीलरों के खाद्यान्न वितरण घोटाले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब 145 राशन कार्ड धारकों के खाद्यान्न को नौ अलग-अलग आधार कार्ड का इस्तेमाल करके घोटाला किया गया है। इसके अलावा विभाग की ओर से 14 अन्य राशन डीलरों को भी विधिक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया है।
जुलाई माह के खाद्यान्न वितरण घोटाले के पकड़ में आने के बाद खाद्य रसद विभाग के आयुक्त आलोक कुमार ने 21 अगस्त को शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, बिजनौर, हापुड़, मथुरा, बुलंदशहर समेत 43 जिलों के जिला पूर्ति अधिकारियों को जांच करके राशन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शासन से प्राप्त 43 जिलों की सूची में शामली जिले में 463, मुजफ्फरनगर जिले में 19795, मेरठ जिले में 27324, सहारनपुर जिले 3700, बागपत जिले में 1024 राशन कार्डों में एक ही आधार का कार्ड का बार-बार प्रयोग करके उपभोक्ताओं के फर्जी अंगूठें लगाकर खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी घोटाला किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय ने बताया कि शामली जिले में 16 राशन डीलरों द्वारा चार क्विंटल खाद्यान्न में घोटाला किया है। इसमें जलालाबाद के राशन डीलर अरशद खान, मुकेश कुमार कैराना के विरुद्ध जांच करने के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई है। राशन डीलर अरशद खान जलालाबाद ने 63 राशन कार्ड और मुकेेश कुमार कैराना ने 82 राशन कार्ड में खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की है। बताया कि नौ आधार कार्ड का बार-बार प्रयोग होने से खेल उजागर हुआ। यह नौ आधार कार्ड लखनऊ एनआईसी में पकड़ में आने के बाद सूची शासन से जिला मुख्यालय को भेजी गई है। इन आधार कार्डों की सूची का जिला मुख्यालय पर जांच कराई गई तो इनका बार बार प्रयोग होने की पुष्टि हुई। जांच के बाद दो राशन डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही 14 राशन के विरुद्ध विधिक कार्रवाई नोटिस दिए गए है।
इन को भेजा गया नोटिस
राशन डीलर रचना देवी कैराना, रमा देवी कैराना, मोहम्मद यामीन शामली, शरीफ अहमद कैराना, ब्रह्म स्वरुप कैराना, रामपाल-विजेंद्र कुमार कैराना, रोशन लाल कैराना, पुष्पा कैैैैराना, वीरेंद्र वशिष्ठ कैराना, श्रवण कुमार बनत, सतीश चंद शामली, शाहिदा जलालाबाद, प्यारे लाल कैराना आदि के विरुद्ध विधिक कार्रवाई नोटिस जारी किए गए है।