शामली। कैराना स्थित एसबीआई शाखा के एटीएम में लूटपाट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने में चार लोग शामिल थे। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय भूषण ने प्रेसवार्ता कर बताया कि छह अप्रैल की रात को कैराना स्थित एसबीआई शाखा के एटीएम में दीवार तोड़कर लूट की कोशिश की गई थी। हालांकि एटीएम में लगी चादर काफी मोटी होने के कारण बदमाश कैश नहीं लूट सके। इस मामले में कैराना कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया था।
सोमवार रात कैराना कोतवाली पुलिस गश्त कर रही थी। तभी उन्हें दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान आरिफ पुत्र अब्दुल्ला निवासी खेड़ा कुरतान थाना कांधला व मुसारिक पुत्र फरमान निवासी जहानपुरा थाना कैराना के रूप में हुई। बताया कि एसबीआई के एटीएम में उन्होंने ही सेंधमारी की थी।
इस वारदात में आरिफ पुत्र इकबाल निवासी आलकलां कैराना व सद्दाम पुत्र जाजा निवासी जहानपुरा कैराना भी शामिल थे। दोनों आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर हथौड़ी, पेचकस, रेती बरामद की है।