गांव सुन्ना में विलाप करती सोमपाल का मां।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कांधला में शराब पीने से गांव सुन्ना में दो लोगों की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और जिला आबकारी अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी किसान त्रिपाल सिंह (62) और सोमपाल (42) गांव के ही युवक से बृहस्पतिवार रात शराब खरीदकर लाए और एक साथ बैठकर पी। देर रात दोनों की हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उनको गांव में एक निजी चिकित्सक के यहां दिखाया गया। जहां त्रिपाल की मौत हो गई। सोमपाल की हालत गंभीर होने पर उसे शामली में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह त्रिपाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद ही सोमपाल की मौत हो गई। दो लोगों की शराब पीने से मौत होने पर सनसनी फैल गई। घटना की सूचना डीएम, एसपी और आबकारी विभाग को दी गई। काफी देर बाद आबकारी विभाग ने कांधला शराब के ठेके पर तैनात सेल्समैन संदीप को गांव में भेजा। जहां उसको घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। इस दौरान सोमपाल के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन भी किया। सूचना पर एसडीएम शामली सुरजीत सिंह, सीओ कैराना राजेश तिवारी और जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद सोमपाल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वहीं, मृतक त्रिपाल के बेटे योगेंद्र ने बताया कि गांव में पिछले काफी समय से अवैध रूप से शराब बिक रही है। जिसकी शिकायत पूर्व में की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शाम को सोमपाल के भाई पप्पू ने कांधला थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव सुन्ना निवासी देवेंद्र अवैध रूप से शराब लाकर बेचता है। उससे खरीदी गई शराब पीने की वजह से उसके भाई की मृत्यु हो गई। सोमपाल रिक्शा चलाकर अपने परिवार को पाल रहा था। इस मामले में थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है। बताय कि गांव में जिस युवक पर अवैध रूप से शराब बेचने का आरोप लगाया गया है उसके घर पर दबिश दी। वहां से शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद हुआ है।
सोमपाल के परिवार पर टूटा मुसीबत का पहाड़
कांधला।शराब पीने से मौत होने पर सोमपाल के परिवार पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा। सोमपाल के पिता नेत्रहीन हैं और बीमार रहते हैं, जबकि बूढ़ी मां की एक आंख खराब है। पत्नी की कई साल पूर्व मौत हो चुकी है, दो बेटे हैं।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी सोमपाल रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। चचेरे भाई पप्पू ने बताया कि सोमपाल की पत्नी रेखा की कई साल पूर्व बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। घर में उसके पिता कालू नेत्रहीन हैं तथा बीमार रहने के कारण अधिकांश समय चारपाई पर लेटे रहते हैं। बूढ़ी मां विमला की भी एक आंख खराब है। इसके अलावा उसके दो बेटे अजय (13) और रवि (10) हैं। सोमपाल ही रिक्शा चलाकर जो मजदूरी लाता था, उसी से परिवार की गुजर बसर चल रही थी, लेकिन शराब ने सोमपाल की जान ले ली। इसके चलते सोमपाल के परिवार के सामने मुसीबत आ गई है। उसकी मां रोते बिलखते कह रही थी कि मेरा बेटा तो हमें छोड़कर लंबी नौकरी पर चला गया है। अब बूढे़ बीमार माता-पिता और उसके दो बेटों को कौन सहारा देगा।
फोरेंसिक एक्सपर्ट और आबकारी टीम करेगी जांच
शामली। गांव सुन्ना में शराब पीने से दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस की फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम और आबकारी विभाग जांच में जुटा हुआ है। शराब बेचने के आरोपी के मकान से मिली शराब की बोतलों को लेकर भी जांच हो रही है। गांव सुन्ना में सोमपाल और त्रिपाल सिंह ने बृहस्पतिवार रात गांव के ही एक युवक से खरीदकर शराब पी थी, जिसके बाद दोनों की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी गांव में पहुंचे और घटना के संबंध में ग्रामीणों से विस्तार से बात की। इसके बाद पुलिस ने शराब बेचने वाले आरोपी के घर पर दबिश भी दी। वहां से कुछ बोतलें बरामद हुई, जो देशी शराब संतरा की बताई गई है। मालूम चला है कि उक्त शराब को हरियाणा से लाकर आरोपी यहां गांव में बेचता था। अभी पुलिस की फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम और आबकारी इस बात का पता लगाने में लगी हुई हैं कि आरोपी के घर से जो शराब बेची जा रही थी, उसमें एल्कोहल की मात्रा कितनी थी अथवा शराब में कुछ मिलावट तो नहीं की गई थी। उधर, एसपी ने बताया कि फोरेंसिक एक्सपर्ट और आबकारी विभाग की टीम जांच करने में लगी हुई हैं। जांच रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि शराब में एल्कोहल की मात्रा कितनी थी। वहीं, गांव में अवैध रूप से शराब बेचने वाले आरोपी के खिलाफ कांधला थाने में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।