शामली शहर में ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट ड्राइविंग करने वाले दुपहिया वाहन चालकों को देखकर बृहस्पतिवार दोपहर कप्तान का पारा चढ़ गया। कप्तान ने वायरलेस पर सभी थानाध्यक्षों को आडे़ हाथों ले लिया और खरी खरी सुनाई। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को चेतावनी दी कि 24 घंटे के अंदर यातायात नियत पालन कराने के संबंध में कार्ययोजना बनाकर यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
शासन के आदेश पर जिले में यातायात जागरूकता माह चल रहा है और जनपद की यातायात पुलिस महज औपचारिकताएं निभा रही है, जिसके चलते जिले में बेखौफ ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट ड्राइविंग की जा रही है। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस की ढिलाई के चलते यातायात नियम टूटते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा का ट्रिपल राइडिंग देखकर पारा चढ़ गया।
उन्होंने वायरलेस सेट पर ही जिले के सभी थानाध्यक्षों को चेतावनी दी कि जिले में दुपहिया वाहन चालकों की चेकिंग नहीं हो रही है। जिस कारण वाहन चालक यातायात नियमों को तोड़ रहे हैं। साथ ही निर्देश दिया कि यह गंभीर समस्या है, इसके संबंध में चौबीस घंटे के अंदर कार्ययोजना तैयार कर काम करें। कप्तान ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें सड़कों पर ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चालक दिखाई दिए तो संबंधित थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।