शामली। मोहल्ला हरेंद्र नगर में अपनी ससुराल आए मुजफ्फरनगर निवासी युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मुजफ्फरनगर के मोहल्ला ईदगाह निवासी इंतजार पुत्र इस्लाम की शादी 12 साल पूर्व शामली के मोहल्ला हरेंद्र नगर निवासी रूबी के साथ हुई थी। बताया जाता है कि इंतजार सोमवार रात अपनी ससुराल आया हुआ था। मंगलवार सुबह उसका शव ससुराल में घर के सामने पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने उसके शव को देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंतजार की हत्या की सूचना पर मुजफ्फरनगर से शामली पहुंचे परिजनों ने कोतवाली में ससुरालियों पर इंतजार की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। इंतजार के भाई मोहम्मद इकराम ने उसकी की पत्नी रूबी, सास खैरोनिशा, सोनू, आबिद, सलमान आदि सहित नौ लोगों के खिलाफ जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, सीओ सिटी निशांक शर्मा का कहना है कि सभी आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।