कांधला। कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल में तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम चलाने को लेकर तनाव की स्थिति हो गई। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के लोगों ने घर में घुसकर हमला बोलकर परिवार के कई लोगों को घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि हमले का आरोप झूठा है।
मामला बुधवार रात करीब पौने नौ बजे का है। मोहल्ला खैल निवासी रामकुमार सैनी रोडवेज में संविदा कर्मी है। उसका भाई सोनू हलवाई का काम करता है। बुधवार को रामकुमार का जन्मदिन था, जिसके चलते रामकुमार और उसका भाई सोनू घर में परिवार के साथ जन्मदिन मना रहे थे और म्यूजिक सिस्टम भी चला रखा था।
पड़ोस में दूसरे समुदाय के लोग रहते हैं, जिन्होंने म्यूजिक सिस्टम की आवाज कम करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। रामकुमार ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें उसे तथा उसके भाई सोनू के सिर पर डंडे और धारदार हथियार से प्रहार करके घायल कर दिया।
वहीं, बीच बचाव कराने आई उसकी मां को भी पीटा गया और कपड़े तक फाड़ दिए। घटना की वजह से मौके पर हंगामा हो गया और सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। इसी दौरान सूचना पर कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। मामला दो समुदाय के लोगों से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति पैदा हो गई, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। उधर, दूसरे पक्ष का कहना है कि रामकुमार पक्ष तेज आवाज में म्यूजिक चला रहा था।
कई बार कहने के बावजूद आवाज कम नहीं की और विरोध करने पर रामकुमार पक्ष ने ही मारपीट कर दी। फिलहाल रामकुमार सैनी ने दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। देर रात तक पुलिस मौके पर रही और मामले की जांच करने में जुटी रही। थाना प्रभारी का कहना है कि दो पक्षों में मामूली विवाद पर मारपीट हुई, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।