कांधला। शिक्षक द्वारा छात्र के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए अभिवावक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव भभीसा निवासी अभिजीत पुत्र विकास बुढ़ाना कोतवाली के गांव राजपुर छाजपुर के एक निजी स्कूल में कक्षा एक का छात्र है।
आरोप है कि बुधवार को स्कूल के एक शिक्षक ने छात्र की पिटाई कर दी, जिससे छात्र चोटिल हो गया। मामले की सूचना छात्र ने घर आकर अपने परिजनों को दी। मामले की शिकायत प्रधानाचार्य से की गई। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने इस मामले में कोई कार्रवाई किए जाने के बजाय उल्टा उनके साथ में अभद्र व्यवहार किया ।
बृहस्पतिवार को छात्र के चाचा संजीव कुमार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि गांव भभीसा के समीप कई लोगों ने राजपुर छाजपुर स्थित एक बस से कुछ अध्यापिकाओं का अपहरण करने का प्रयास किया है। पुलिस के अनुसार मामले में जांच की गई तो दोनों मामले एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप को लेकर हुए हैं। मामला हमारे क्षेत्र का नहीं है। ब्यूरो