कांधला क्षेत्र के गांव खेड़ाकुरतान में मृतक महिला को देखते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कांधला में पड़ोसी युवक से अनैतिक संबंधों का पता लगने पर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात को अंजाम उसके पति और भाई ने ही दिया। महिला का शव पड़ोसी युवक के मकान में फेंककर उसी को फंसाने की साजिश रची गई। पुलिस ने पूरे मामले में पूछताछ कर महिला के पति और भाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस की तरफ से ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव खेड़ाकुरतान निवासी अनीस की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व गांव गढ़ीदौलत निवासी मोमीना के साथ हुई थी। शादी के बाद मोमीना ने तीन बच्चों को जन्म दिया। मंगलवार की सुबह महिला के पति अनीस ने डायल 100 पुलिस को सूचना देकर बताया कि उसकी पत्नी मोमीना (32) रात में लापता हो गई है, उसे किसी अनहोनीे का भय है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने पाया कि पड़ोसी युवक के मकान में बने भूसे के कमरे में मोमीना का शव पड़ा है। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति अनीस को बुलाया। फिर महिला के भाई बासिद को शक के आधार पर बुलाया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि मोमीना के पड़ोसी युवक से अनैतिक संबंध थे। इसको लेकर मोमीना और अनीस के बीच विवाद रहता था। महिला को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन नहीं मानी।
सोमवार रात भी महिला पड़ोसी युवक से मिलने के लिए पहुंच गई, इसकी जानकारी पति अनीस को लगी, तो उसने महिला के भाई बाशिद को बुला लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अनीस और बासिद ने मोमीना को समझाने का प्रयास किया, जब वह नहीं मानी तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्यारोपी अनीस और बासिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार दोपहर बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
प्रेमी पर लगाना चाहते थे हत्या का आरोप
महिला मोमीना का शव पड़ोसी युवक के मकान में पड़ा मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अनीस और बासिद ने महिला की हत्या करने के बाद उसका आरोप पड़ोसी युवक पर लगाने की साजिश रची। इसी के चलते महिला का शव पड़ोसी युवक के मकान में ले जाकर फेंक दिया।