शामली। तीन दिन पूर्व मोहल्ला कलंदरशाह में मकान के विवाद में संघर्ष में घायल महिला की शनिवार को मौत हो गई। जिससे गुस्साए परिजनों ने कोतवाली में हंगामा किया। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
मोहल्ला कलंदरशाह में मकान के विवाद में आधा दर्जन लोगों ने शकीला के घर में घुसकर हमला बोल दिया। जिसमें शकीला व उसकी बेटी सायरा को मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया गया था। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से दोनों की हालत गंभीर होने के चलते मेरठ रैफर किया गया था।
इसमें शकीला की हालत गंभीर होने के चलते दिल्ली रेफर किया गया। इस मामले में इस्लाम की ओर से आरोपी बानो पत्नी हासिम, इमरान, उसमान, इंतजार पुत्र हासिम, सोनू, शहजाद के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को दिल्ली में इलाज के दौरान शकीला की मौत हो गई। जिससे गुस्साए परिजन कोतवाली में पहुंचे और हंगामा करने लगे। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। उधर, कोतवाली प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि मामले में हत्या की धारा बढ़ाई गई है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।