बाबरी/शामली। दिनदहाड़े बाबरी थाना क्षेत्र में चार बदमाशों ने स्कूल बस में घुसकर चालक को गोली मारकर घायल कर दिया। सनसनीखेज वारदात के दौरान बस में बच्चे भी सवार थे। घायल को शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है। मामले में चालक की पत्नी की तरफ से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मुजफ्फरनगर मार्ग पर बनत के पास स्थित महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल की सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे छुट्टी होने पर भनेड़ाजट निवासी चालक सन्नी (34) पुत्र शोरण सिंह बच्चों को उनके गांवों में छोड़ने जा रहा था। भनेड़ाजट गांव के पास रास्ते में एक मोड़ पर युवक बीच सड़क में बाइक लिए खड़ा था। बस को निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर चालक ने हार्न बजाया, लेकिन युवक नहीं हटा।
इस बीच खेत से उसके तीन साथी भी बाहर निकल आए। बदमाशों ने बस में चढ़कर चालक सन्नी की क्रिकेट के स्टंप से पिटाई कर दी। इसका विरोध करने पर बदमाशों में से एक ने सन्नी को तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बदमाश फरार हो गए। गोली चलते ही बस में सवार बच्चे दहशत के कारण चीखने लगे। बस से उतरने के बाद घबराए बच्चे गांव में पहुंचे।
ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी । बाबरी पुलिस ने घायल सन्नी को शामली के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चालक की पत्नी मुकेश देवी ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने बताया कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। वारदात का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।