शामली की गुड़ मंडी स्थित मतगणना स्थल में बिछाई गई बेंच और कुर्सियां।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे प्रारंभ हो जाएगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना चरणवार होगी, जिसके तहत एक चरण में एक विधानसभा क्षेत्र की 14 ईवीएम से मतगणना होगी। तीनों विधानसभा की मिलाकर पहले चरण में 42 ईवीएम की गणना होगी।
शामली में भैंसवाल रोड स्थित मंडी परिसर में कैराना, थानाभवन और शामली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना होगी, जबकि नकुड़ और गंगोह विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सहारनपुर जनपद में संपन्न कराई जाएगी। मतगणना सुबह आठ बजे प्रारंभ हो जाएगी। मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए बुधवार को मंडी परिसर में मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिलाया गया। चुनाव प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम से मतों की गिनती के बारे में सभी बारीकियां समझाई गईं। 0मतगणना के लिए एक ईवीएम की गिनती एक टेबिल पर होगी। पहले चरण में एक विधानसभा सीट की 14 ईवीएम की गिनती होगी, जिसके चलते तीनों विधानसभा क्षेत्रों की 42 ईवीएम की गिनती एक चरण में होगी। मतगणना टेबिल पर दो गणना सहायक, एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक सुपरवाइजर की तैनाती रहेगी, जबकि संबंधित विधानसभा क्षेत्र के एआरओ और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी वहां मौजूद रहेंगे।
सबसे बाद में पूरी होगी थानाभवन क्षेत्र की मतगणना
मतगणना में सबसे पहले शामली विधानसभा क्षेत्र की पूरी होगी। क्योंकि शामली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 299 बूथ हैं, जिन पर लगी ईवीएम की मतगणना 22 चरण में पूरी हो जाएगी। वहीं, उसके बाद कैराना विधानसभा क्षेत्र के 312 बूथों की गणना 23 चरण में पूरी होगी, जबकि सबसे बाद में थानाभवन विधानसभा के 330 बूथों की गणना 24 चरण में पूरी होगी।
-- तीसरी नजर का रहेगा पहरा
मतगणना के दौरान प्रत्येक टेबिल पर वीडियोग्राफी होगी। स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ईवीएम और वीवी पैट ले जाने की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। वहीं, प्रत्येक मतगणना स्थल पर दो-दो सीसीटीवी लगेंगे, जबकि पोस्टल बैलेट की गिनती वाले स्थान पर तीन सीसीटीवी लगाए जाएंगे।
अंत में वीवीपैट से भी होगा सत्यापन
मतगणना के अंत में तीनों विधानसभा क्षेत्रों की किसी एक ईवीएम से मतों की गिनती का मिलान वीवीपैट से भी कराया जाएगा। किस बूथ की ईवीएम और वीवीपैट का मिलान किया जाएगा, वह रैंडम आधार पर चयन किया जाएगा।
-- विधानसभा क्षेत्र ---- ईवीएम की संख्या -- चरण
कैराना -- ----------------312 ---------------23
थानाभवन --------------330 ---------------24
शामली ----------------- 299 ---------------22