शामली के कैराना में कुख्यात फुरकान के जेल भेजे जाने के बाद भी उसका खौफ लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। बुधवार को कैराना के एक सराफ से अज्ञात ने फोन कर फुरकान गैंग का सदस्य बताकर चार लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। मामला संज्ञान में आने पर व्यापारियों में दहशत तो पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैराना निवासी एक सराफ बुधवार को झिंझाना एक शादी में गया हुआ था। बताया जाता है कि शाम को वह वहां से लौट रहा था। उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को फुरकान गैंग का मेंबर बताते हुए सराफ से चार लाख की रंगदारी मांगी है। पहले तो व्यापारी ने फोन को मजाक समझकर काट दिया, लेकिन फिर व्यापारी के पास कॉल आई और उसको दोबारा धमकी दी गई। उसने इस मामले से परिजनों को अवगत कराया। इसके बाद व्यापारियों को घटना के संबंध में जानकारी हुई। इससे कैराना के व्यापारियों में एक बार फिर दहशत व्याप्त हो गई। व्यापारियों ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को की। पुलिस को यह बात पता चली तो हड़कंप मच गया। तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नंबर को ट्रेस कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नंबर को सर्विलांस पर लगाकर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस प्रशासन की नजर में व्यापारियों की सुरक्षा प्राथमिकताओं में शामिल है।