शामली। मोहल्ला बनखंडी में बीड़ी के बंडल को लेकर हुए बवाल में पुलिस ने सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद पहलवान सहित छह लोगों के खिलाफ नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। राशिद पहलवान को जेल भेज दिया। उधर, सोमवार को दिन भर मोहल्ला बनखंडी में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
रविवार रात मोहल्ला सरवरपीर बनखंडी में विकास उर्फ विक्की की दुकान पर मोहल्ले का ही कालू उर्फ हुक्का बीड़ी का बंडल लेने गया था। रुपये मांगने पर वह बीड़ी का बंडल लेकर भाग गया था। जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। जिससे दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हुए और तनाव व्याप्त हो गया था। विकास ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कालू हुक्का के समर्थन में मोहल्ले के दर्जनों लोग हाथों में लाठी-डंड़ेे, धारदार हथियार, तमंचे लेकर पहुंच गए थे और फायरिंग शुरू कर दी थी।
आरोप है कि इस दौरान सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद पहलवान ने भी लोगों को भड़काने का काम किया। रिपोर्ट में राशिद पहलवान के अलावा कालू उर्फ हुक्का, बाजिर, जहीर, माना और अरशद निवासी मोहल्ला सरवरपीर तथा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी राशिद पहलवान को गिरफ्तार कर सोमवार दोपहर न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।
बजरंग दल कार्यकर्ता और भाजपाई पहुंचे थाने
रविवार रात जब बनखंडी मोहल्ले में घटना हुई, तो उसके बाद भाजपा नेता अजय संगल, पुनीत द्विवेदी, उपेंद्र द्विवेदी, घनश्याम पारचा, संदीप नामदेव और बजरंग दल कार्यकर्ता सन्नी, विशाल, काफी लोगों के साथ शामली कोतवाली पहुंच गए थे। कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा से शिकायत कर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
तनावपूर्ण शांति, मौके पर तैनात फोर्स
मोहल्ला सरवरपीर बनखंडी में रविवार रात से ही पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई। सोमवार को दिन में भी पुलिस अलर्ट रही, ताकि फिर से कोई व्यक्ति माहौल गरमा न सके। इस दौरान पुलिस और पीएसी ने सरवरपीर बनखंडी के साथ ही नोकुआं रोड पर भी गश्त किया।