शामली। सपा नेताओं के बीच चल रही रार की वजह खुलकर सामने आ गई है। दरअसल, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष ने एक युवक को धमका कर उससे दूसरे पक्ष पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। युवक ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दो दिन पूर्व सपा युवजन सभा जिलाध्यक्ष नौकुआं निवासी राशिद पहलवान ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सपा नेता उस्मान, शहजाद निवासी आजाद चौक और नौशाद निवासी गुलशननगर ने नौकुआं निवासी मुस्तकीम को उनकी हत्या करने की सुपारी दी। पुलिस ने तीनों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
इस मामले में उस्मान पक्ष के लोग मुस्तकीम को साथ लेकर एसपी से मिले। मुस्तकीम ने एसपी को शपथ पत्र देकर बताया कि राशिद पहलवान ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उस्मान का नाम बुलवाया और वीडियो बनाई। एसपी को शिकायती पत्र दिया गया, जिसमें राशिद पर मुस्तकीम को बंधक बनाने के आरोप लगाया गया।