कैराना । शामली रोड स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम केबिन में चोरों ने सेंध लगा दी और एटीएम में तोड़फोड़ की। हालांकि कैश निकाले जाने का अभी पता नहीं लग सका है। सुबह होने पर घटना का पता लगा।
शामली रोड स्थित एसबीआई शाखा के पास ही एटीएम लगा है। रात में एटीएम बंद रहता है। बुधवार रात चोरों ने केबिन की दीवार में सेंध लगा दी और अंदर लगे एटीएम को तोड़ दिया। सुबह जब बैंक कर्मचारी पहुंचे, तो घटना का पता लगा। सूचना पर शाखा प्रबंधक व सीओ निशांक शर्मा पहुंचे और मौका मुआयना किया।
सीओ ने एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर कब्जे में ली। शाखा प्रबंधक अमर सिंह ने बताया कि एटीएम को रात बंद करते समय 36 लाख 25 हजार 200 रुपये का कैश मौजूद था। एटीएम मशीन डाइवोल्ड कंपनी की है। जिस कारण कैश निकलने के बारे में अभी पता नहीं लग सकता। इसके लिए कंपनी को पत्र भेज दिया गया है। वहां से इंजीनियरों के निरीक्षण के बाद ही कैश निकलने का पता लग सकेगा।
इस मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। सीओ निशांक शर्मा ने बताया कि एटीएम तोड़ा है। कैश चोरी का पता नहीं लग सका। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।