कैराना। ऑन लाइन नेट बैंकिंग के माध्यम से ठग ने फोन पर धोखे से बैंक खाते की जानकारी ले ली और खाते से 24 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रुपये निकलने का पता चलने के बाद खाता धारक को ठगी का पता चला जिसके बाद खाता धारक ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला शेखबद्या निवासी खलील का पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। शनिवार सुबह खलील के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खलील को बातों में उलझा कर उसके बैंक खाते की जानकारी ले ली। कुछ ही देर बाद खलील के मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें उसके खाते से 24 हजार रुपये निकलने की सूचना थी।
बाद में एटीएम मशीन से पता करने पर मालूम हुआ कि नेट बैंकिंग ठग ने उसके खाते से 24 हजार रुपये निकाल लिए। बाद में खलील ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।