कैराना । अदालत के आदेश पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से साढ़े आठ लाख रुपये ठगी के मामले में पांच महिलाओं सहित छह लोगों को नामजद किया गया है। सभी आरोपी पंजाब के मोहाली निवासी हैं।
इस मामले में कस्बा कैराना के मोहल्ला खैलकला निवासी गुलनवाज ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। गुलनवाज ने बताया कि एक साल पूर्व पंजाब के मोहाली शहर निवासी सुखबिंदर सिंह, मंजू, सिमरन, किरण ठाकुर, श्वेता और रजनी ने उसकी नौकरी लगवाने का वादा किया था। आरोपियों की मांग पर उसने 30 जून 2016 से 10 सितंबर के बीच साढ़े आठ लाख रुपये आरोपियों के बैंक खाते में डलवा दिए।
बाद में नौकरी नहीं लगने पर उसने अपने रुपयों की मांग की। इस पर आरोपियों ने उसे जान की धमकी दी। इस पर न्यायालय ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके चलते मंगलवार को कैराना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी गई है।
तमंचा और कारतूस सहित दबोचा युवक
कैराना। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीतरवाड़ा के जंगल से युवक को तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सायंकाल सूचना पर 100 डायल पुलिस तीतरवाडा के जंगल में पहुंची। पुलिस ने मौके से जसवीर निवासी तीतरवाडा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। आरोपी को न्यायालय में पेश करके पुलिस ने जेल भेज दिया है।
पुलिस ने पेट्रोलिंग की
शामली। डीजीपी के आदेश के बाद मंगलवार को आदर्श मंडी थाना प्रभारी साहब सिंह द्वारा शाम के समय एक घंटा तक पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी एसआई तथा चौकी प्रभारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।