मकान में बदमाशों के घुसने की जानकारी देते परिजन।
- फोटो : amar ujala
शामली। शहर की कांबोज कॉलोनी में उद्यमी के मकान में बदमाश लूटपाट के इरादे से घुस गए। समय रहते उद्यमी को इसकी भनक लग गई और जैसे ही उद्यमी के परिवार ने शोर मचाया, तो बदमाश भाग गए। घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिसको लेकर लोगों में रोष है।
उद्यमी मनोज कुमार की कंडेला इंडस्ट्री एरिया में फैक्ट्री है और उनका परिवार आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित कांबोज कालोनी स्थित मकान में रहता है। मंगलवार तडके करीब चार बजे दो बदमाश साइड की दीवार फांदकर उनके मकान में घुस गए। रसोई की तरफ लगी खिड़की की जाली का कुछ हिस्सा तोड़ दिया, मगर इसी दौरान भनक लगने पर उद्यमी के परिवार के सदस्य जाग गए और शोर मचा दिया। इस पर दोनों बदमाश मौके से भाग निकले।
एक बदमाश की चप्पल तथा एक पत्थर वहीं मकान में पड़ा मिला। इसके बाद कालोनी में ही रहने वाले व्यापारी नेता मोहित जैन, जेके जैन, ईंट भट्टा मालिक भूपेंद्र मलिक सहित दर्जनों लोग इकट्ठा हो गए। बदमाशों के आने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना देने के करीब एक घंटा बाद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे, जिसको लेकर उद्यमी के परिवार और अन्य लोगों ने रोष जताया। घटना के संबंध में आदर्श मंडी थाना पुलिस को तहरीर दे दी गई है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज चेक कराई जाएगी तथा बदमाशों को तलाश किया जाएगा।
संदिग्ध हालत में दो युवक पकड़े
शामली। रेलवे स्टेशन के दो युवक संदिग्ध रूप से खड़े हुए थे। इस दौरान शक होने पर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना पर कोतवाल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उसने पूछताछ शुरू कर दी है।