पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल से जानकारी लेते डीएम-एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में वोटरों को बूथ के पास खाने के पैकेट बांटने के आरोप में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने निर्दलीय प्रत्याशी अंजना बंसल के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मतदान के दौरान कई जगह मतदाताओं को खाने के पैकेट का वितरण किया गया। खाने के पैकेट के अंदर एक सौंप का पाउच रखा हुआ था। जिस पर निर्दलीय प्रत्याशी अंजना बंसल का चुनाव चिन्ह जीप का निशान छपा हुआ था, इसके अलावा चाय के कप पर भी जीप का निशान छपा था। इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट सुभाष चंद शर्मा को मिली। उन्होंने माजरा रोड पर स्थित पाठशाला नंबर छह में करीब 11.45 बजे खाने के डब्बे बांटते हुए दो लोगों को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से कई डिब्बे बरामद हुए। इसमें निर्दलीय प्रत्याशी अंजना बंसल का चुनाव चिन्ह जीप का निशान का पाउच था। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी अंजना बंसल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम का कहना है कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।