शामली। राहुल खट्टा के साथ मिलकर वेस्ट यूपी में खौफ कायम कर 50 हजार का इनामी बनने वाले आकाश जाट के अपराध की शुरुआत रंजिश से हुई। चार साल पूर्व जमीन के विवाद को लेकर रिश्ते में चाचा लगने वाले डीके की हत्या में आकाश नामजद हुआ था।
सोमवार को आकाश और उसके साथी को बागपत में एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया। आकाश शामली के मोहल्ला नंदू प्रसाद का रहने वाला है। उसके परिवार और रिश्तेदार देवेंद्र कुमार उर्फ डीके के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते चार साल पूर्व गोली मारकर डीके की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आकाश और उसका पिता शौकेंद्र व भाई के खिलाफ शामली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तबसे आकाश फरार चल रहा था।
इसके बाद आकाश ने राहुल खट्टा से हाथ मिलाया और वेस्ट यूपी में अपराध की कई सनसनीखेज वारदातें अंजाम दीं। राहुल खट्टा को पुलिस ने सहारनपुर में एनकाउंटर में मार गिराया, जिसके बाद आकाश भी शांत हो गया था। कई बार आकाश के शामली जिले में आने की चर्चाएं रहीं, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लग पाती थी।
वेस्ट यूपी में राहुल खट्टा के साथ मिलकर आकाश ने काफी वारदातें कीं, मगर शामली से किनारा करके रखा। जिले में आकाश का नाम पांच वारदातों में शामिल रहा। पहली वारदात डीके की हत्या और फिर एक साल पूर्व थानाभवन के ईंट-भट्ठा व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में नामजद हुआ। व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर गोलियां बरसाकर दहशत फैलाने आकाश और राहुल खट्टा खुद पहुंचे थे।