पकडे़ आरोपियों काे पेश करते एएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली की कांधला पुलिस ने पूर्वी यमुना नहर पटरी के पास से 50 लाख की चरस बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश देकर उसके घर से 93 हजार और अन्य सामान बरामद किया है।
बुधवार सुबह करीब सात बजे थाना प्रभारी ओपी चौधरी को सूचना मिली कि पूर्वी यमुना नहर पटरी पर एक ई-रिक्शा में भारी मात्रा में चरस क्षेत्र में लाई जा रही है। जिसके बाद थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा को पकड़ लिया। पुलिस ने ई-रिक्शा से करीब 54 किलो चरस के साथ दो युवकों को पकड़ लिया। जिसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे एएसपी श्लोक कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पूछताछ में दोनों ने अपने नाम सुनील और अनीस निवासी गांव नाला बताया है। पुलिस के अनुसार चरस को क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए बाबरी थाना क्षेत्र के गांव कुरमाली निवासी राकिब से लाई गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश में उसके निवास स्थान पर दबिश दी। वहां से चरस बिक्री के 93 हजार रुपये, एक कांटा, बरामद कर तीनों के खिलाफ एनडीपीसी में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
किसान है पकड़ा गया आरोपी सुनील
नशीले पदार्थ की तस्करी में लिप्त सुनील एक किसान है। बताया कि वह काफी दिनों से क्षेत्र में छोटे स्तर पर नशीले पदार्थ को बेचने का काम करता था। गांव व कस्बे में चाय की दुकान सहित कई स्थानों पर हम लोग इस नशीले पदार्थ को 30 से 50 रुपये तक की पुड़िया के हिसाब से बेच देते थे।