कैराना। यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने पिकअप में पुराल के नीचे छिपाकर लाई जा रही हरियाणा मार्का देशी शराब की 30 पेटी शराब पकड़ी। मौके से पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उधर, पुलिस ने जगनपुर मोड़ के निकट से दो युवकों को 72 पव्वे देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
रविवार की सुबह करीब पांच बजे यमुना पुल पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हरिओम त्यागी ने पुलिस टीम के साथ हरियाणा सीमा पर चेकिंग अभियान चलाया। उसी समय हरियाणा की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी की गति बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुराल के नीचे हरियाणा मार्का 30 पेटी शराब बरामद हुई।
मौके से पुलिस ने एक आरोपी विक्की निवासी गांव गढ़वाल थाना बरोदा, जिला सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़ी गई शराब को जब्त करने के साथ ही आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालान कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि शराब तस्करी मेें जो गाड़ी पकड़ी गई है, वह प्रथम दृष्टया चोरी की प्रतीत हो रही है। उधर, शनिवार शाम एसआई रमेशचंद पुलिस टीम के साथ जगनपुर रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को जगनपुर मोड़ पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिले। पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने नाम अनुज व विनोद निवासी ऐरटी थाना कैराना बताया। पुलिस ने अनुज के थैले से 44 पव्वे और विनोद के थैले से 28 पव्वे देसी शराब बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।