शामली। मोहल्ला हरेंद्रनगर ससुराल में हुई रिजवान की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डाक्टरों ने जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर दिया है। वहीं, रिजवान के भाई की तरफ से ससुरालियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
मुजफ्फरनगर के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी रिजवान का निकाह नौ साल पूर्व शामली के हरेंद्रनगर निवासी उमर की बेटी रूबी से हुआ था। विवाद के चलते कुछ समय से रूबी अपने मायके में आकर रहने लगी। मंगलवार को रिजवान अपनी ससुराल आया था, तो संदिग्ध परिस्थिति में उसकी मौत हो गई।
रिजवान के भाई इकराम ने शामली कोतवाली पहुंचकर आरोप लगाया था कि ससुराल वालों ने जहर देकर और पीटकर उसके भाई की हत्या कर दी है।
इसके बाद पुलिस ने रिजवान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में रिजवान की पत्नी रूबी के अलावा खैरू निशा, सोनू, आबिद, सलमान, हिना,
मोहम्मद अली उर्फ मन्नू, महबूब तथा जाहिद को नामजद करते हुए हत्या, मारपीट और साजिश का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उधर, इस मामले के बारे में कोतवाली प्रभारी सतीश राय ने बताया कि रिजवान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। चिकित्सकों ने जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर दिया है। आगरा स्थित प्रयोगशाला भेजकर बिसरा की जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही रिजवान की मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा।
पकड़ने के बाद थाने से छोड़ दिए दो आरोपी
शामली कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को ही रिजवान हत्याकांड में नामजद दो महिला आरोपियों को पकड़ लिया था। थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई, लेकिन रात में सिफारिश आने पर उनको छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।