शामली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस को साथ लेकर शहर के मोहल्ला पंसारियान में मिलावटी बेसन बनाने की आशंका पर फैक्ट्री में छापा मारा। मौके से मक्का का आटा, सूजी और रंग बरामद हुआ, जिससे मिलावटी बेसन बनाने की आशंका को बल मिला। टीम ने परीक्षण के लिए सैंपल ले लिए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीप्रकाश ने मंगलवार रात करीब नौ बजे शामली कोतवाली पुलिस को साथ लेकर मोहल्ला पंसारियान में वीरेंद्र उर्फ बिल्लू की फैक्ट्री पर छापा मारा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीप्रकाश के मुताबिक फैक्ट्री में बेसन बनाया जाता है। मौके से मक्का का आटा, सूजी और रंग भी मिला, जिससे मिलाकर बेसन बनाया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सैंपल ले लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।