कांधला क्षेत्र के गांव खंद्रावली में विलाप करते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कांधला के गांव खंद्रावली में रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। पहले तो उसको घर के पास ही गली में खींचकर दो गोली मारी गईं, उसके बाद चाकू से गोद डाला। दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
करीब छह माह पूर्व गांव खंद्रावली में मुनव्वर की हत्या हुई थी। उस हत्याकांड में गांव के ही लाल्ला सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया था। तब से दोनों पक्षों में रंजिश बनी हुई थी। इसी के चलते हत्यारोपी लाल्ला का भाई शमून परिवार सहित गांव से बाहर चला गया था। शमून के चाचा सलीम ने बताया कि ईद पर दूसरे पक्ष के लोगों ने भरोसा दिया था कि शमून को गांव में बुला लो, उससे हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। इसके चलते शमून गांव आ गया था, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग फिर से विवाद करने लगे। बृहस्पतिवार को शमून फिर से गांव छोड़कर जाने वाला था। सुबह करीब साढ़े सात बजे छह युवकों ने घर के बाहर बैठे शमून को खींच लिया और गली के मोड़ पर ले जाकर पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसको गोली मार दी। इसके बाद चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।
दिनदहाडे़ गांव में युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस में अफरातफरी मच गई। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार के लोगों ने हंगामा कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, सीओ कैराना राजेश तिवारी और कांधला थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार हो गए। वारदात के संबंध में शमून के पिता मुगला ने गांव के वैसर, नसीम, तासिम, समसीर, आजम और इरफान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास चल रहा है, जल्दी ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
मेरे पति को धोखे से बुलाकर मार दिया
जब शमून की हत्या हुई, तो उसकी पत्नी राशिदा का रो रोकर बुरा हाल हो गया। वह कहती रही कि हम तो गांव छोड़कर चले गए थे। पहले तो वह कह रहे थे कि शमून से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन धोखे से बुलाकर मेरे पति की हत्या कर दी। वहीं, हत्यारोपियों ने शमून को गोलियां मारने के बाद चाकू से तब तक प्रहार किए, जब तक उसकी सांसे रुक नहीं गईं। हत्यारोपियों के सिर खून सवार था। वह घटनास्थल से तभी फरार हुए, जब पूरा विश्वास हो गया कि अब शमून की मौत हो चुकी है।
मामूली विवाद की रंजिश में चली गई दो जानें
गांव खंद्रावली निवासी मुनव्वर की हत्या गत दिसंबर माह में हुई। उसकी हत्या की वजह कोई बड़ी नहीं थी। उस वारदात से तीन महीना पूर्व गांव के ही लाल्ला से बाइक टकराने को लेकर मुनव्वर का विवाद हुआ था। उसी विवाद को लेकर कई बार मारपीट तक हुई थी। बाद में जब मुनव्वर की हत्या हुई, तो उसमें लाल्ला सहित चार युवकों को आरोपी बनाया गया। अब लाल्ला के भाई शमून की हत्या कर दी गई।
हत्यारोपियों के घर पर लटके ताले
शमून की हत्या के बाद दूसरे पक्ष के लोगों के घरों पर ताले लटक गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मकानों पर दबिश दी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। हत्याकांड में छह लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें सभी आरोपी अपने घरों को बंद करके फरार हो गए हैं।