शामली।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के फार्मेसिस्ट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चिकित्सा विभाग जाग गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी विनीता अग्निहोत्री ने मामले में जांच बैठा दी है। उनका कहना है कि जांच कराकर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।
शामली में मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित बीएस नर्सिंग होम में मंगलवार रात ऑपरेशन के दौरान फुगाना निवासी सतेंद्र की पत्नी सरिता की मौत हो गई थी। परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा किया, जिसके बाद सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत किया था। मामले में बुधवार को सतेंद्र की तरफ से आदर्श मंडी थाने में आरोपी विनोद धामा सहित तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गौरतलब है कि आरोपी विनोद धामा शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर फार्मेसिस्ट तैनात हैं। इसके बावजूद वह निजी अस्पताल में प्रैक्टिस कर रहे हैं। अस्पताल तथा सीएमओ कार्यालय तक इसकी जानकारी है, मगर आरोपी विनोद धामा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
उधर, विनोद धामा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने पर सीएमओ विनीता अग्निहोत्री ने जांच शुरू करा दी है। सीएमओ का कहना है कि जांच के लिए मौके पर टीम भेजी गई। वहां पर फिलहाल कोई साक्ष्य नहीं मिला है। उनका कहना है कि नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस भी चेक कराया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में कार्यरत डाक्टर अथवा फार्मेसिस्ट प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर सकता है। यदि विनोद धामा ऐसा कर रहे हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में नर्सिंग होम संचालक को भी नोटिस भेजा जा रहा है।