कैराना। गांव गंदराऊ में अवैध खनन पकड़ने के लिए गई कैराना पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सब इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी तोड़ दी। बाद में अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची, तो हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। वहीं, पुलिस की तरफ से 20 हमलावर नामजद सहित सौ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रेत खनन पर सीबीआई की जांच चल रही है। बावजूद इसके कैराना क्षेत्र के गांव गंदराऊ के लोग अभी भी खनन कर रहे हैं। मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस की दो गाड़ियां गंदराऊ में अवैध रेत खनन पर छापा मारने पहुंची। इस बीच पुलिस ने गांव के बाहर खड़ी लगभग छह-सात ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ लिया।
इसी दौरान रेत माफिया की शह पर ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों चारों ओर से घेर लिया और पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस के हाथपांव फूल गए। किसी तरह पुलिस ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई इस दौरान रेत माफियाओं ने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग भी की और पुलिस की गाड़ी को तोड़ दिया।
पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली से ओर फोर्स गांव में भेज दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल आने के बाद हमलावर पथराव और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पथराव में एसआई बच्चू सिंह, कांस्टेबल दीपांशु त्यागी, अंकित, विकास और शहजाद घायल हो गए। उधर, कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि एसआई आदेश कुमार की तरफ से 20 हमलावरों को नामजद करते हुए सौ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।