कांधला के अंबेहटा में हुई वारदात के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
कांधला। गांव अंबेहटा में बदमाशों नें ग्रामीणों को बंधक बनाकर नगदी सहित लाखों रुपये कीमत के जेवरात और अन्य सामान लूट लिया। थाना कांधला क्षेत्र के गांव अंबेहटा निवासी सरवर मंगलवार शाम अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर पर उसकी मां और बहन मौजूद थीं।
रात में आधा दर्जन बदमाश घर में घुस गए और मां बेटी को कमरे में बंधक बनाकर घर में रखे सोने चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने गांव के ही इनाम के घर को निशाना बनाते हुए वहां पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर घर में रखी पांच हजार रुपये की नगदी सहित सोने चांदी के जेवरात लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने जाहिद के घर पर धावा बोलते हुए वहां से सोने चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
किसी तरह से पीड़ित लोगों ने बंधनमुक्त होकर शोर मचाया। शोरशराबा होने पर गांव के अन्य ग्रामीण भी मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची कांधला थाना पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को पीड़ित ग्रामीणो ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान का कहना है कि गांव में लूट की कोई जानकारी नहीं है। ग्रामीण के घर में चोरी हुई थी पुलिस ने सूचना के बाद कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।