शामली। 15 दिन पहले हुई पूर्व सांसद के घर में चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया। पुलिस ने चोरी हुए माल, पिस्टल समेत दो चोरों को गिरफ्तार किया है।
रविवार को सीओ सिटी कार्यालय पर एएसपी अनिल कुमार झा के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अनिल कुमार झा ने बताया कि गढ़ीपुख्ता में पूर्व सांसद अमीर आलम के मकान में उसके रिश्तेदार तथा मुजफ्फरनगर में रहते हैं। इस मकान में उनका दामाद मुशीर भी रहता है। 30 सितंबर को सभी मकान बंद कर बाहर कहीं गए हुए थे और पांच अक्तूबर को लौटे तो उनको वहां मकान से पिस्टल, जेवरात सहित लाखों का सामान चोरी मिला था।
इस मामले में गढ़ीपुख्ता थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। पुलिस ने इमरान पुत्र सलीम व आमिर खान उर्फ बोना निवासी पीरजादगान गढ़ीपुख्ता को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चोरी हुई पिस्टल, दो मैगजीन, दो कारतूस, मोबाइल, एक लाख रुपये, एक सोने की चेन तथा अन्य सामान मिला। सीओ सिटी निशांक शर्मा, सीओ कुलदीप कुकरेती, एसओ गढ़ीपुख्ता सुनील दत्त रहे।
खुलासा करने पर इनाम
केस का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आई मेरठ ने 15 हजार रुपये, डीआईजी सहारनपुर ने 12 हजार तथा एसपी शामली की तरफ से 5 हजार इनाम की घोषणा की गई।