कैराना। फेरी लगाकर कपड़ा बचे रहे चार युवकों ने एक वृद्धा को ठगी का शिकार बनाते हुए साढे़ नौ हजार ठग लिए और भाग गए। आसपास के लोगों द्वारा ठगों का पीछा करने के बाद भी ठगों का कोई पता नहीं चल सका।
रविवार शाम मोहल्ला दरबार कला निवासी जाकिर के मकान पर पहले बाइक सवार दो युवक पहुंचे और बिक्री के कंबल दिखाने लगे। इसके कुछ ही देर बाद स्कूटर सवार दो युवक भी वहां पहुंच गए और कपड़ा दिखाने लगे। इसी दौरान स्कूटर पर कपड़े की फेरी लगाने वाले कंबल बेचने वालों से सौदा करने लगे।
कंबलों के साढे़ नौ हजार रुपये लगा दिए। जाकिर की मां दोनों ठगों को देखती रही। इसी बीच स्कूटर वाले ने जाकिर की मां से कहा कि माता जी आप जरा साढ़े नौ हजार रुपये दे दो, मैं तुम्हें अभी पैसे देकर कंबल ले लूंगा।
वृद्धा ठगों के झांसे में आ गई और रुपये दे दिए। कंबल बेचने वाला रुपये लेकर चला गया। स्कूटर वाले ठग ने कहा कि मैं नल पर पानी पी लू और कंबल वहीं छोड़कर स्कूटर लेकर वह भी भाग गया। आसपास के युवकों ने स्कूटर का पीछा भी किया, लेकिन वो हाथ नहीं आ सका। बाद में कंबल देखे तो पता चला कि पांचों कंबलों की कीमत कुल 500 रुपये ही निकली। पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी।