झिंझाना पुलिस द्वारा पकडे़ बाप का हत्यारा बेटा।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के झिंझाना में दस दिन पूर्व की गई वहीद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक वहीद की हत्या उसके पुत्र ने ही अपने साथी के साथ मिलकर की थी। हत्या की वजह दूसरे पक्ष को दबाव में लेकर हत्या के दूसरे मामले में फैसला कराना था। पुलिस ने खुलासा कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
बृहस्पतिवार को एएसपी श्लोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि चौसाना क्षेत्र के गांव गढ़ीहसनपुर निवासी वहीद अपने पुत्र अरशद व उसके साथी इलियास के बाइक पर गढ़ी हसनपुर में सात मई को जा रहा था। रास्ते में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीद के पुत्र अरशद ने ही सावेज पुत्र शकील, आमिर पुत्र इकबाल व इरसाद पुत्र महबूब, नासिर पुत्र यामीन के खिलाफ पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए चौसाना चौकी में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। एएसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सच्चाई कुछ और निकली।
एएसपी के अनुसार जिन लोगों को हत्या में नामजद किया गया हैं। उनके परिवार के अलीम पुत्र यामीन गढ़ीहसनपुर की अगस्त में हत्या कर दी गई थी। इसमें अरशद व उसके परिवार के लोगों को नामजद किया गया था। मुकदमे में दबाव बनाने के लिए अरशद ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और आरोप दूसरे पक्ष पर लगा दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र अरशद और उसके साथी इलियास को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया।