कैराना में बंधन बैंक कार्यालय में डकैती के बाद जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में निजी फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लिया और 80 हजार रुपये की डकैती डाली। घटना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर एएसपी और सीओ क्राइम ब्रांच के साथ मौके पर पहुंचे। फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
कस्बे की राजेंद्र कॉलोनी में बंधन बैंक के नाम से निजी फाइनेंस कंपनी लोगों को ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराती है। सोमवार शाम करीब चार बजे कार और बाइक सवार 10-11 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश ग्राहकों के साथ कंपनी के कार्यालय में दाखिल हो गए। जबकि एक बदमाश हथियार लिए गेट पर खड़ा हो गया। बदमाशों ने अंदर पहुंचकर मैनेजर सोनी कुमार, कर्मचारी देवेंद्र कुमार, रामकुमार और सचिन को गन प्वाइंट पर ले लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने उनसे लॉकर की चाबी मांगी।
दहशत में रामकुमार ने बदमाशों को लॉकर की चाबी पकड़ा दी। जिसके बाद बदमाशों ने लॉकर में रखे 80 हजार रुपये लूट लिए और कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के चले जाने पर कर्मचारियों ने शोर मचाया तो मोहल्ले वालों ने कंपनी का गेट खोला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
बाद में एएसपी अनिल कुमार झा, सीओ निशांक शर्मा और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। एएसपी ने बताया कि बैंक मैनेजर सोनी कुमार ने मामले की तहरीर दी है। घटना के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं।