शामली के चौसाना के पीएनबी की चौसाना शाखा के एटीएम का शटर उखाड़कर चोरी की कोशिश की गई। बदमाशों ने केबिन में घुसकर एटीएम की पहली विंडो भी खोल ली, लेकिन कैश चोरी नहीं कर पाए। सीसीटीवी की फुटेज के जरिये बदमाशों को तलाश किया जा रहा है।
कस्बा चौसाना के मुख्य बाजार में पंजाब नेशनल बैंक शाखा के पास ही बैंक का एटीएम है। शुक्रवार देर रात बदमाशों ने लोहे की राड से एटीएम केबिन का शटर उखाड़ दिया। एटीएम की प्रथम विंडो भी खोल दी, लेकिन कैश चोरी नहीं कर पाए। आहट होने पर बदमाश फरार हो गए। शनिवार सुबह बैंक कर्मी मौके पर पहुंचे, तो घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने छानबीन की। बैंक शाखा प्रबंधक कपिल शर्मा ने बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, पुलिस ने बैंक शाखा पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, तो उसमें नकाबपोश एक बदमाश दिखाई दिया, लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, एटीएम केबिन शटर के ऊपर लगे सीसीटीवी के केबिल को बदमाशों ने काट दिया था। चौकी प्रभारी नेमचंद का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है, जल्दी ही पहचान करके बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।